Cg Breaking: रायगढ़। बिलासपुर एसीबी (ACB) की टीम ने रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ एसडीएम कार्यालय में तैनात बाबू अनिल कुमार चेलक को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार ग्राम अमलीटिकरा निवासी राजू कुमार यादव ने एसीबी को अपनी शिकायत में बताया कि उसने ग्राम अमलीटिकरा में एक जमीन खरीदी थी और उसकी रजिस्ट्री एवं नामांतरण भी सही तरीके से हो चुका था। इसके बाद, बाबू अनिल कुमार चेलक ने उसे बुलाकर कहा कि उसकी खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री गलत तरीके से हुई है और इस मामले में उसके खिलाफ तथा विक्रेता के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है।
Cg Breaking: इसके बाद बाबू ने राजू को मिलने के लिए बुलाया और 22 दिसंबर 2025 को उसे मिलने के लिए कहा। राजू ने 23 दिसंबर को बाबू से मुलाकात की, जहां बाबू ने शिकायत को नस्तीबद्ध करने के बदले में 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। हालांकि, राजू ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी को सूचना दी और पूरी योजना बनाई। एसीबी ने शिकायत की जांच में सही पाया।
Cg Breaking: बाद में, आरोपी बाबू और राजू के बीच 1 लाख रुपए की रिश्वत देने की पहली किश्त पर सहमति बनी। इसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर 2 जनवरी 2026 को आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। राजू ने 1 लाख रुपए आरोपी को देने के लिए धर्मजयगढ़ स्थित उसके सरकारी आवास पर पहुंचे।
Cg Breaking: आरोपी ने 1 लाख रुपए हाथ में लेते ही दरवाजा बंद कर लिया और अंदर जाने से मना कर दिया। एसीबी टीम ने कई बार दरवाजे को खटखटाया, फिर जब दरवाजा खोला गया, तो आरोपी ने बताया कि उसने रिश्वत की रकम बैग में डालकर दीवार के पीछे फेंक दी। एसीबी टीम ने 1 लाख रुपए बरामद कर लिए और आरोपी बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की गई है।



