टीआरपी डेस्क। मुरेना के जौरा विकासखंड के राजाराम का पुरा गांव में गाय चराने और बाजरे की करब उठाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक दलित परिवार पर फायरिंग और मारपीट की। घटना में परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें जौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज करने में देरी का आरोप लगाया है।
घटना नए साल के पहले दिन गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है, जिसका वीडियो शुक्रवार सुबह सामने आया। पीड़ित महाराज जाटव के अनुसार गांव के दबंग बनवारी गुर्जर और उसके साथियों की गायें उनके खेत में चर रही थीं। परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने बाजरे की करब उठा ली। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और दबंगों ने बदला लेने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद बनवारी गुर्जर 10 से 12 साथियों के साथ दलित परिवार के घर पहुंचा और पहले 8 से 10 राउंड फायरिंग की। इसके बाद लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया गया। मारपीट में रमेश जाटव, महाराज जाटव, बहादुर जाटव, महादेवी जाटव और सिमला जाटव घायल हुए हैं। वीडियो में आरोपी हाथों में लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं।
पीड़ितों का कहना है कि विवाद के दौरान परिवार के एक बुजुर्ग ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, लेकिन इसके बावजूद मारपीट नहीं रोकी गई। घटना के बाद घायल परिजन जौरा थाना पहुंचे, जहां आरोप है कि उनकी शिकायत तुरंत दर्ज नहीं की गई और देर रात एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने बनवारी गुर्जर, विश्राम गुर्जर, दामोदर गुर्जर, बंटी गुर्जर और वीरा गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जौरा एसडीओपी के मुताबिक, विवाद गाय और चारे को लेकर हुआ था। जांच में सामने आया है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट हुई। वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



