रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) की वर्ष 2018 की भर्ती प्रक्रिया आज तक पूरी नहीं हो सकी है। प्रतीक्षा सूची में शामिल सैकड़ों अभ्यर्थी वर्षों से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। राजधानी रायपुर के तूता क्षेत्र में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी शनिवार को लोकपर्व छेरछेरा के मौके पर गृहमंत्री विजय शर्मा से उनके बंगले पहुंचे और अपनी मांग रखी। बातचीत के बाद मंत्री ने मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अभ्यर्थी लौट गए।
अभ्यर्थी जितेंद्र दास ने कहा कि 2018 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया अब तक अधूरी है। वेटिंग लिस्ट में शामिल युवा आज भी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान राज्य में तीन सरकारें बदलीं रमन सरकार, भूपेश सरकार और अब साय सरकार लेकिन अभ्यर्थियों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृहमंत्री विजय शर्मा इस लंबित मामले का समाधान करेंगे।
417 में से आधे से ज्यादा ओवर एज
जानकारी के मुताबिक, 2018 में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हुआ था और मेरिट लिस्ट के बाद चयन सूची भी प्रकाशित की गई। मेरिट में आए अभ्यर्थियों की भर्ती हो गई, लेकिन वेटिंग लिस्ट के 417 उम्मीदवारों की नियुक्ति पद खाली न होने का हवाला देकर रोक दी गई। बाद में मेडिकल में अयोग्य ठहराए जाने और कुछ के नौकरी छोड़ने से पद खाली हुए, लेकिन इसी बीच सत्ता परिवर्तन हो गया। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। समय बीतने के साथ 417 में से 250 से अधिक, यानी 50 प्रतिशत से ज्यादा अभ्यर्थी अब ओवर एज हो चुके हैं।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से बात कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।



