टीआरपी डेस्क। वेनेजुएला की राजधानी काराकास शनिवार देर रात भीषण धमाकों से दहल उठी। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर के कई रणनीतिक ठिकानों पर हवाई हमले किए गए हैं। इन हमलों के पीछे अमेरिका की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक वाशिंगटन या वेनेजुएला सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

धमाकों के बाद राजधानी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव पहले से ही चरम पर है।

स्थानीय समयानुसार पहला धमाका रात करीब 1:50 बजे हुआ। एक धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। इसके बाद शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। सामने आए वीडियो में रात के आसमान में धुएं के बड़े गुबार उठते और नारंगी रंग की चमक के साथ जोरदार विस्फोट होते दिखाई दे रहे हैं।

See also  ट्वीटर खरीदना चाहते हैं Elon Musk, ट्वीटर चेयरमैन को लेटर लिख कर पेश किया ऑफर

एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, काराकास में कम से कम सात धमाके हुए। इस दौरान कई फाइटर जेट्स को उड़ान भरते देखा गया, जिससे घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजधानी के विभिन्न इलाकों में हुए धमाकों के दृश्य नजर आ रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकास के पश्चिम में स्थित प्रमुख सैन्य ठिकानों फोर्ट टिउना और ला कार्लोटा के ऊपर विमानों की गतिविधि के साथ जोरदार धमाके सुने गए।

इस बीच, कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि काराकास पर बमबारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया को सतर्क होने की जरूरत है और इस हमले पर ओएएस और संयुक्त राष्ट्र को तत्काल बैठक बुलानी चाहिए।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी वेनेजुएला को लेकर सख्त रुख जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई और संभावित सैन्य हस्तक्षेप के संकेत दिए थे। हाल के महीनों में अमेरिका ने वेनेजुएला पर प्रतिबंध और कड़े किए हैं तथा क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियां भी बढ़ाई हैं। मौजूदा घटनाक्रम को इन्हीं बढ़ते तनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।

See also  ISSF Junior Shooting World Championship: रिदम और विजयवीर ने भारत को दिलाया 10वां गोल्ड, भारत को इस प्रतियोगिता में अब तक 23 पदक हुआ हासिल