टीआरपी डेस्क। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना रविवार – सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे अग्रसेन धाम के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कार में भरतपुर-सोनहत क्षेत्र की भाजपा विधायक रेणुका सिंह का बेटा लक्की सिंह मौजूद था और हादसे के समय वही वाहन चला रहा था। कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां शामिल थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, कार में सवार अन्य तीन लोग घटनास्थल से फरार हो गए।

See also  Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का अजब खेल; रायपुर में अंगारे बरस रहे, तो अंबिकापुर की रातों में अब भी है गुलाबी ठंड

तेलीबांधा थाना टीआई ने टीआरपी न्यूज़ को बताया कि जांच में यह पता चला है कि वाहन लक्की सिंह चला रहा था। उसे हिरासत में लिया गया है। वाहन को भी जब्त किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।