टीआरपी डेस्क। चुनाव आयोग ने भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी को नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) फॉर्म में गड़बड़ियां पाई गई हैं, जिसके चलते दोनों को बुलाया गया है। हालांकि इस मामले में अभी तक न तो मोहम्मद शमी और न ही चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार शमी के एन्यूमरेशन फॉर्म में प्रोजेनी मैपिंग और सेल्फ मैपिंग से जुड़ी खामियां पाई गई हैं। इसके बाद साउथ कोलकाता के वार्ड नंबर 93 से नोटिस जारी किया गया, जिसमें उन्हें असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (AERO) के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

मोहम्मद शमी कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वार्ड नंबर 93 में वोटर के रूप में पंजीकृत हैं, जो रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित अपने पैतृक गांव में मतदान किया था।

See also  अब निजी संस्थाएं नहीं कर सकेंगी "खादी" नाम का इस्तेमाल

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया के बाद 16 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की गई थी, जिसमें 58.21 लाख नाम हटाए गए थे। इसके बाद से दावा, आपत्ति और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मद शमी मौजूदा सुनवाई में शामिल नहीं हो सके। वह इस समय राजकोट में विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी अगली सुनवाई 9 से 11 जनवरी के बीच संभावित है। शमी को 11 जनवरी से शुरू हो रही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।

शमी ने पिछले साल टखने की सर्जरी कराई थी। इसके बाद उनके दाएं घुटने में दर्द की समस्या सामने आई, जिसके चलते वह भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर रहे। उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। शमी को 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम में चुना गया था।

See also  मोदी कैबिनेट बैठक समाप्त, 3 बजे सामने आएंगे बैठक में हुए फैसले