रायपुर। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 7 जनवरी को एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरान वे प्रदेशभर में मनरेगा को लेकर चल रहे आंदोलन की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही हाल ही में नियुक्त जिलाध्यक्षों से मुलाकात कर संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा करेंगे।

दौरे के दौरान संगठन की गतिविधियों पर विशेष फोकस रहेगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और आगे की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श होने की संभावना है। साथ ही जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रूपरेखा भी तय की जा सकती है। मनरेगा मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन के चलते यह दौरा कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।

26 नवंबर को हुआ था पिछला दौरा

इससे पहले सचिन पायलट 26 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। उस दौरान उन्होंने SIR अभियान की समीक्षा की थी और संविधान बचाओ दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया था। रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे धमतरी गए, जहां संविधान बचाओ दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ समीक्षा बैठक की।

See also  Mrs India Inc Season 4: छत्तीसगढ़ की बहु को मिला मिसेज इंडिया का खिताब, बेबाक प्रदर्शन से जीता दिल

धमतरी के बाद पायलट कांकेर पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई। देर शाम वे जगदलपुर पहुंचे और 27 नवंबर को वहां SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा के साथ मीडिया से बातचीत की थी। इसके बाद वे दिल्ली लौट गए थे। संगठन को मजबूत करने और पार्टी की तैयारियों के आकलन के लिहाज से उनका पिछला दौरा महत्वपूर्ण माना गया था। अब 7 जनवरी का दौरा भी कांग्रेस की आगे की रणनीति के लिए अहम माना जा रहा है।