टीआरपी डेस्क। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के उत्तरी एवं मध्य हिस्सों के कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई है। ठंड के कारण कई शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है, विशेषकर उत्तरी हिस्सों में इसका असर अधिक है।

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 6.6 डिग्री, पेंड्रा में 7.6 डिग्री, दुर्ग एवं राजनांदगांव में 8 डिग्री तथा जगदलपुर में 8.4 डिग्री तापमान रहा। पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री (जगदलपुर) तथा न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री (अंबिकापुर) दर्ज हुआ।

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि बुजुर्ग, छोटे बच्चे एवं क्रॉनिक बीमारियों से ग्रस्त लोग ठंड से अधिक प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिलों में प्राइमरी स्कूल 10 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। मिडिल, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों का संचालन जारी रहेगा।

See also  CM हाउस घेरने जा रहे नर्सिंग स्टूडेंट्स के साथ हुई पुलिस की धक्का-मुक्की, देखें Video

दो पाली में लगने वाले स्कूलों के समय में संशोधन किया गया है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगी। यह आदेश सभी शासकीय, अर्धशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।