राजनांदगांव। जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार होता की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई। धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जिला न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया। सभी न्यायाधीशों, वकीलों, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले मार्गों पर सख्त निगरानी के चलते जीई रोड पर यातायात प्रभावित हुआ।
एहतियातन रायपुर जिला न्यायालय में भी बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तैनात की गईं। न्यायालय की प्रत्येक मंजिल पर सघन जांच की जा रही है और परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई है। सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार धमकी भरे मेल में न्यायालय परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की बात कही गई थी। यह ई-मेल गुरुवार सुबह 10 बजकर 7 मिनट पर भेजा गया, जिसमें दोपहर 2 बजकर 35 मिनट तक का समय दिया गया था। बताया जा रहा है कि मेल इंटरनेशनल नंबर और वीपीएन का उपयोग कर भेजा गया है। फिलहाल मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



