रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गोवा दौरे का शुक्रवार को दूसरा दिन है। दौरे के पहले दिन उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से उनके निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की और आपसी हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गोवा में आयोजित आदि लोकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में सहभागिता के बाद मुख्यमंत्री साय शाम करीब 6 बजे गोवा से रायपुर के लिए रवाना होंगे।

नवा रायपुर में आज से इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट की शुरुआत

रायपुर। नवा रायपुर में दो दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट का आयोजन आज से किया जा रहा है। इस समिट में शामिल होने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रायपुर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भी उपस्थिति रहेगी।
इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट का आयोजन द राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा है। इस समिट में चावल निर्यात, कृषि व्यापार और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा।

See also  टीआरपी ब्रेकिंग: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज फिर शाम 4 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, आर्थिक पैकेज के चौथे चरण हो लेकर होगी घोषणा

बालोद में 9 से 13 जनवरी तक प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 9 से 13 जनवरी तक प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का आयोजन किया जाएगा। जंबूरी का शुभारंभ आज दोपहर 2 बजे राज्यपाल रमेन डेका द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन के तहत ग्राम दुधली में आज से 13 जनवरी तक देश-विदेश से करीब 15 हजार रोवर–रेंजर एकत्रित होंगे। कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन की भी उपस्थिति रहेगी। जंबूरी के समापन समारोह में 12 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस दौरान भारतीय और वैश्विक संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिलेगी। साथ ही प्रतिभागियों के लिए विभिन्न रोमांचक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कास्मो एक्सपो 2026 का आज भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन

रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कास्मोपॉलिटन रोटरी कास्मो फाउंडेशन द्वारा आयोजित कास्मो एक्सपो 2026 का भव्य शुभारंभ आज शाम 7.30 बजे श्रीराम बिजनेस पार्क में होगा। एक्सपो का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। 9 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय एक्सपो कास्मो एक्सपो का 16वां संस्करण है, जिसे ‘आपका हमारा सबका’ थीम पर जीके टीएमटी के प्रेजेंटेशन में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे, जबकि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

See also  अकेले बालोद जिले में नौकरी के नाम पर ठगे गए 52 बेरोजगार... करीब 27 लाख की हुई ठगी, मामला दर्ज