रायपुर। ऐसा क्या हुआ जो भारत और स्काउट गाइड के राष्ट्रीय जंबूरी में जाने का कार्यक्रम उपमुख्यमंत्री एवं गृह एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा जी ने रद्द कर लिया..?
जबकि इसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्यसभा के सांसद प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी राष्ट्रीय भारत स्काउट एंड गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन नई दिल्ली से रायपुर पहुंच चुके हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की चुनौती की वजह से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जंबूरी के कार्यक्रम से दूरी बना ली है।
बालोद जिले में आज शुरू होने जा रहेभारतीय स्काउट्स एंड गाइड्स की राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा शुरू किया गया विरोध अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस राजनैतिक घमासान के बीच एक नई कड़ी तब जुड़ गई जब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जंबूरी के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।

दूसरा प्रोटोकॉल हुआ जारी
बता दें कि पहले जारी कार्यक्रम में जहां विजय शर्मा का शुक्रवार याने 9 जनवरी को बालोद के दुधली गांव पहुंचकर स्काउट एंड गाइड्स की राष्ट्रीय जंबूरी के उद्घाटन में शामिल होना तय था, वहीं संशोधित प्रोटोकॉल में उनका दुधली जाना पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को लेकर गुरुवार को दो अलग-अलग आधिकारिक प्रोटोकॉल सामने आए। पहले प्रोटोकॉल के तहत विजय शर्मा का नया रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा बालोद के दुधली गांव पहुंचना तय था। इसमें दुधली में राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का उल्लेख भी था। इस कार्यक्रम के बाद बलौदा बाजार और रायपुर वापसी का पूरा शेड्यूल था।

नए शेड्यूल में दुधली जाने का कार्यक्रम पूरी तरह हटाया गया। केवल बलौदाबाजार (दमाखेड़ा) के प्रस्तावित मेले की बैठक में शामिल होने का उल्लेख है। जंबूरी से संबंधित किसी भी कार्यक्रम का उल्लेख तक नहीं है।

स्काउट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे छत्तीसगढ़
इस बीच कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्यसभा के सांसद प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी राष्ट्रीय भारत स्काउट एंड गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन नई दिल्ली से रायपुर पहुंचे। लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे सांसद अनिल जैन जैसे राष्ट्रीय स्तर के नेता के इस कार्यक्रम में शामिल होने के बावजूद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इस कार्यक्रम से दूरी बना लेना साफ बताता है कि उन्होंने भी जंबूरी विवाद से दूरी बना ली है।

सांसद बृजमोहन ने की थी जंबूरी स्थगित करने की घोषणा
गौरतलब है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्काउट एवं गाईड के प्रदेश अध्यक्ष की हैसियत से वित्तीय अनियमितताओं और टेंडर घोटाले के चलते जंबूरी के कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की थी, मगर प्रदेश इकाई ने कार्यक्रम यथावत रहने की जानकारी दी। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के एक्स हैंडल पर यह बयान आया कि ‘जंबूरी शुरू हो रही है, यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है।’ हालांकि यह पोस्ट बाद में हटा दिया गया इसी कड़ी में भाजपा की प्रदेश इकाई ने भी इस विवाद से दूरी बना ली और पार्टी के किसी भी प्रवक्ता ने कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया।
बता दें कि राज्य शासन द्वारा 13 दिसंबर को प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को भारत स्काउट एवं गाईड का राज्य अध्यक्ष मनोनीत करने संबंधी आदेश जारी किया गया था। इस आदेश को बृजमोहन अग्रवाल ने हाई कोर्ट में चुनौती दी है और कहा है कि वर्तमान में वे ही स्काउट के राज्य अध्यक्ष हैं और बिना उन्हें जानकारी दिए गलत तरीके से यह प्रक्रिया अपनाई गई है।
माना जा रहा है कि विजय शर्मा के प्रोटोकॉल में संशोधन के बाद अब विभागीय मंत्री गजेंद्र यादव के अलावा कोई अन्य मंत्री जंबूरी के उद्घाटन समारोह में मंच साझा नहीं करेगा।
उद्घाटन समारोह में राज्यपाल होंगे शामिल
बता दें कि इस राजनैतिक विवाद के बीच आज दोपहर साढ़े बारह बजे जंबूरी का उद्घाटन होने जा रहा है, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने जा रहे हैं, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय भारत स्काउट एंड गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन करेंगे।



