टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षा बलों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप 36 इनामी माओवादियों समेत कुल 63 नक्सली कैडरों ने आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है।

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी दरभा डिवीजन, दक्षिण बस्तर, पश्चिम बस्तर, माड़ क्षेत्र के साथ-साथ ओडिशा राज्य में भी सक्रिय रहे हैं। इनमें 18 महिला और 45 पुरुष शामिल हैं, जो संगठन में अलग-अलग स्तरों पर कार्यरत थे। इन आत्मसमर्पित नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनामी कैडरों में 8 लाख रुपये के 7, 5 लाख रुपये के 7, 2 लाख रुपये के 8, 1 लाख रुपये के 11 और 50 हजार रुपये के 3 नक्सली शामिल हैं, जबकि शेष कैडर बिना इनाम के संगठन से जुड़े हुए थे।

सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में डिविजनल और एरिया कमेटी स्तर के पदाधिकारी, मिलिट्री कंपनी के सदस्य, प्लाटून कमांडर, मिलिशिया और जनताना सरकार से जुड़े पदाधिकारी शामिल हैं। कई नक्सली लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे और विभिन्न हिंसक घटनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और जनविरोधी कार्रवाइयों में भूमिका निभा चुके थे।

See also  52 साल पुराने नवीन मार्केट की बदलेगी सूरत