अंबिकापुर। कांकेर जिले में 38 शिक्षकों के निलंबन के बाद आज ही सरगुजा जिले में युक्तियुक्तकरण के बाद नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं करने वाले 11 शिक्षकों को निलंबित किया गया है। इस तरह प्रदेश में एक ही दिन कुल 49 शिक्षकों पर निलंबन की गाज गिरी है।
कांकेर में 38 शिक्षकों के बाद अब सरगुजा में 11 शिक्षकों को सस्पेंड किया गया है। शिक्षकों की इस कार्रवाई से हड़कंप है। बताया जा रह है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ेगी। दरअसल पोस्टिंग के बाद ज्वाइन नहीं करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने दिया है। इसके तहत 13 जनवरी तक कार्रवाई कर 15 जनवरी तक पूरी रिपोर्ट मांगी गयी है। इसके बाद पूरे प्रदेश में पदस्थ शिक्षा विभाग के अफसर हरकत में आ गए हैं।
सरगुजा जिले में जिला शिक्षा विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाया है। युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत नई पदस्थापना मिलने के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले 11 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रह है कि 5 अन्य शिक्षक विभाग के निशाने पर हैं और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


