टीआरपी। fruit and flower exhibition : फल-फूल,एवं सब्जी प्रदर्शनी का शुभारंभ राज्यपाल रामेन डेका ने किया। प्रदर्शनी में राज्यपाल ने युवाओं को संदेश दिया कि फल-फूल, सब्जी प्रदर्शनी से प्रेरणा लेकर इसे रोजगार का माध्यम बनाया जा सकता है और हजारों-लाखों रुपये की आमदनी की जा सकती है।

राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि फ्लोरीकल्चर (पुष्प उत्पादन) एक अत्यंत लाभकारी एवं रोजगारोन्मुखी व्यवसाय है। उन्होंने विशेष रूप से रजनीगंधा (ट्यूबरोज) जैसे फूलों की व्यावसायिक खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। साथ ही जैविक उर्वरकों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए जैविक कृषि अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चरक संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि “आहार ही औषधि है” और इसलिए रसायन मुक्त, जैविक उत्पादों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने फूल प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा फल एवं सब्जी अनुभाग में प्रदर्शित उत्कृष्ट उत्पादों की सराहना की। प्रदर्शनी में विधानसभा क्षेत्र एवं घड़ी चौक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र के प्रतिरूप को फूलों से सजाया गया है।
इस अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर रवि सक्सेना, नाबार्ड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, आर. प्रसन्ना (राज्यपाल महोदय के सचिव), नाबार्ड के डॉ ज्ञानेद्र मणि, छत्तीसगढ़ उद्यानिकी विभाग के अतिरिक्त निदेशक नीरज शाह, प्रकृति की ओर सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी आदि उपस्थित रहे। थीम एवं सफल आयोजन के लिए डॉ. अनिल चौहान एवं डी. के. तिवारी को विशिष्ट योगदान के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

See also  राजधानी रायपुर के आकाशवाणी भवन में लगी आग, मची अफरा तफरी, दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू

संस्था के सचिव निर्भय धारीवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी, दलजीत बग्गा,जयेश पीथालिया, निर्भय धारीवाल,सुरेश बानी, शिल्पी नागपुरे, सरवत सेठी,ममता मिश्रा , सुनीता चंसोरिया, लक्ष्मी यादव, पुरुषोत्तम चंद्राकर, शहनीला नजीब सहित संस्था के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सुबह से रात तक देख सकेंगे प्रदर्शनी

यह प्रदर्शनी 10 एवं 11 जनवरी को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी,। प्रदर्शनी में आने वाले लोग फूलों, फलों एवं सब्जियों की विविध प्रजातियों के साथ-साथ आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।