टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश सरकार ने खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष 2026’ के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इसकी औपचारिक शुरुआत आज भोपाल के जंबूरी मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 12 बजे कोकता बायपास पर आरटीओ ऑफिस के समीप लगभग 1101 ट्रैक्टरों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रैली भोपाल और आसपास के जिलों से आए किसानों द्वारा निकाली जा रही है।

इसके बाद दोपहर 1 बजे जंबूरी मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों, योजनाओं तथा भावी कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 का मुख्य उद्देश्य कृषि को केवल परंपरागत खेती तक सीमित न रखकर उसे लाभकारी, स्थायी तथा तकनीक आधारित रोजगार सृजन मॉडल के रूप में विकसित करना है। इस वर्ष उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य-पालन और खाद्य प्रसंस्करण को फोकस सेक्टर के रूप में चुना गया है।

See also  MP News: शाकाहारी या मांसाहारी? अब होटल के बाहर से ही चलेगा पता, एमपी सरकार का नया प्लान

उन्होंने बताया कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य-पालन और वानिकी को एकीकृत करते हुए जिला स्तरीय क्लस्टर आधारित विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। उच्च उत्पादकता, प्राकृतिक खेती, डिजिटल सेवाएं तथा कृषि प्रसंस्करण के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा एग्री-टेक, ड्रोन सेवाएं, एफपीओ प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण और हाइड्रोपोनिक्स जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित किए जाएंगे।