टीआरपी डेस्क। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आ रही नमी के कारण प्रदेश में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। हालांकि ठंड का असर अभी बना हुआ है, लेकिन अगले छह से सात दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, माना में 12 डिग्री और रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी अवधि में दुर्ग का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और पेंड्रा का 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जनवरी माह में अब तक पड़ रही कड़ाके की ठंड से प्रदेश को कुछ दिनों तक राहत मिलने के संकेत हैं। नमीयुक्त हवा के असर से बीते 24 घंटे में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई है। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों के शहरों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले पांच से छह दिनों तक बने रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को आसमान साफ रहने से दिन में धूप का असर दिखा और अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान अभी भी पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे है, इसलिए ठंड का प्रभाव पूरी तरह समाप्त नहीं होगा। हालांकि पाला पड़ने और शीतलहर के प्रकोप से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद ठंड की वापसी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 12 जनवरी को राजधानी रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



