टीआरपी डेस्क। थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक भयानक रेल हादसा हुआ है। बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी प्रांत जा रही एक ट्रेन पर निर्माण स्थल की क्रेन गिरने से ट्रेन पटरी से उतर गई। इस हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है तथा 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा बुधवार सुबह नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हुआ, जो बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर (143 मील) उत्तर-पूर्व में स्थित है। हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान क्रेन ट्रेन के एक डिब्बे पर गिर गई, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, ट्रेन की छत अंदर धंस गई, खिड़कियां टूट गईं और मेटल का ढांचा मुड़ गया। क्रेन गिरने के बाद ट्रेन में कुछ देर के लिए आग भी लग गई, जिसे बाद में बुझा दिया गया।
ट्रेन में सीटिंग प्लान के अनुसार 195 यात्री सवार थे, हालांकि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। कई यात्री मलबे में फंस गए। बचाव दल भारी उपकरणों की सहायता से फंसे हुए यात्रियों को निकालने का काम कर रहे हैं। क्रेन और ट्रेन के आपस में बुरी तरह फंसने के कारण यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण है।
थाईलैंड रेलवे के अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के समय निर्माण कार्य चल रहा था। थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं परिवहन मंत्री ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। थाईलैंड में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं अक्सर होती रही हैं।
बचाव कार्य जारी है और मृतकों एवं घायलों के परिवारों को सहायता प्रदान करने की व्यवस्था की जा रही है। हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।



