रायपुर। जमीन की गाइडलाइन दरों में भारी वृद्धि के चलते प्रदेश के तकरीबन सभी जिलों में जमीन की रजिस्ट्री में काफी कम हो गई है। इसे देखते हुए सरकार दरों का पुनरीक्षण करने जा रही है। इस कड़ी में जिला मूल्यांकन समिति आपत्तियों का परीक्षण कर पुनरीक्षण  का प्रस्ताव तैयार कर रही है। इस पर फैसला जल्द होने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि जमीन की नई गाइडलाइन दरों पर  घोषणा के बाद से विशेषकर रायपुर, दुर्ग, और राजनांदगांव में जमीन की रजिस्ट्री नहीं के बराबर हो रही है। इन जिलों में गाइड लाइन दरों में भारी वृद्धि पर काफी आपत्तियां आई है, और दरों की घटाने की मांग जोरशोर से हो रही है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के अलावा कई सांसद और विधायकों ने सीएम विष्णुदेव साय से गाइड लाइन दरों को कम करने की मांग की है।

गाइडलाइन दरों में हुई है भारी वृद्धि

बता दें कि सरकार ने सात साल बाद जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी की है। गाइडलाइन दरों में कई जगहों पर एक हजार फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई। इसका चौतरफा विरोध हुआ, और कुछ संशोधन किए गए। साथ ही दरों पर 31 दिसंबर तक आपत्तियां बुलाई गई थी। सबसे ज्यादा आपत्ति रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, और राजनांदगांव जिले में आई है। अंबिकापुर, जशपुर, रायगढ़ और कोरबा में भी गाइडलाइन दरों को लेकर काफी आपत्तियां आईं हैं।

See also  राज्य युवा आयोग अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया विश्व विजय सिंह तोमर ने

आपत्तियों में यह कहा गया कि जमीन की वास्तविक कीमत से अधिक गाइडलाइन दर हो गई है। सूत्रों के मुताबिक आपत्तियों का परीक्षण चल रहा है। कहा जा रहा है कि कुछ जगहों पर जहां गाइडलाइन की दरें ज्यादा बढ़ गई है, वहां दरों में कमी की जा सकती है।

चर्चा है कि गाइड लाइन दरों में न्यूनतम 20 फीसदी से अधिक की कमी हो सकती है। कुछ जगहों पर गाइडलाइन दरों सौ फीसदी तक कमी हो सकती है।नई गाइडलाइन दरों में भारी वृद्धि के चलते जमीन के कारोबार पर असर पड़ा है। 

दूसरी तरफ, जमीन के कारोबारी नई गाइडलाइन दरों के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की भी तैयारी कर रहे हैं।यह बताया गया कि सरकार ने गाइडलाइन दरों पर आपत्ति-दावे बुलाए बिना दरें लागू की हैं। कारोबारियों का कहना है कि दरों में संशोधन नहीं किया जाता है, तो हाईकोर्ट का विकल्प तैयार है।