टीआरपी डेस्क। महाराष्ट्र में आज मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) सहित 29 नगर निकायों के लिए मतदान हो रहा है। देश के सबसे बड़े और आर्थिक रूप से समृद्ध नगर निकाय बीएमसी के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। 227 वार्डों वाली इस सीट पर पिछले 25 वर्षों से शिवसेना का कब्जा रहा है। वर्ष 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहली बार हो रहे इस चुनाव में ठाकरे परिवार के राजनीतिक प्रभाव की भी कड़ी परीक्षा होगी।

बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के बीच यहां दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा।

मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक नेताओं और हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मतदान के बाद कहा कि नगर निगम चुनाव लोकतंत्र की मूलभूत इकाई है और सभी को मतदान करना चाहिए। उन्होंने नागपुर में भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगणे पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर कलंक बताया।

See also  Unipol Scam Of Raipur Municipal Corporation -अपनों के ही घोटाले की जांच में जुटा नगर निगम

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में कहा कि लोगों में भारी उत्साह है और मुंबईवासी बदलाव तथा विकास चाहते हैं। उन्होंने विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ने का दावा किया।

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मतदान के बाद आरोप लगाया कि भाजपा जीत के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने स्याही पोंछने, डराने-धमकाने, पैसे बांटने और उम्मीदवारों को करोड़ों के ऑफर देने के आरोप लगाए। उन्होंने चुनाव आयुक्त को तत्काल निलंबित करने की मांग की।

उद्धव ठाकरे अपनी पत्नी रश्मि ठाकरे और पुत्र आदित्य ठाकरे के साथ मतदान केंद्र पहुंचे।

इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, श्रद्धा कपूर, परेश रावल, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और गायक कैलाश खेर ने भी मतदान किया और लोगों से अपील की है कि, वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

भाजपा नेता नवनीत राणा ने भी मुंबई में अपना वोट डाला। मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और शाम को मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की तिथि की घोषणा की जाएगी।

See also  रायपुर में ड्रग्स के बड़े गिरोह का खुलासा- 15 लाख के ड्रग्स के साथ आरक्षक सहित 7 आरोपी गिरफ्तार, जानें गिरोह के कोड वर्ड और फ्लाइट की उड़ान तक का सारा कनेक्शन