टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश के रतलाम के रावटी स्थित सांदीपनि स्कूल (सीएम राइज) में गुरुवार को मिड डे मिल खाने के बाद 14 विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई। दाल-खिचड़ी खाने के बाद बच्चों को सिर और पेट दर्द की शिकायत हुई। स्कूल प्रबंधन ने सभी बच्चों को रावटी के एक मेडिकल क्लिनिक में ले जाकर इलाज कराया। फिलहाल सभी छात्र स्वस्थ हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल के मिडिल सेक्शन में 94 बच्चों ने मिड डे मिल में दाल-खिचड़ी खाई थी। भोजन के बाद सबसे पहले कक्षा 6वीं की छात्रा के सिर और पेट दर्द की शिकायत की। इसके बाद कक्षा 6वीं के 10 और कक्षा 7वीं के 4 छात्रों सहित कुल 14 बच्चों में समान लक्षण दिखाई दिए। स्कूल स्टाफ बच्चों को तुरंत रावटी के मेडिकल क्लिनिक ले गया, जहां डॉक्टर बीएल मांगरिया ने जांच कर एंटी-एसिडिटी की दवा दी। हालत में सुधार होने पर शाम करीब 4.30 बजे बच्चों को घर भेज दिया गया।

See also  धनुष और शारंग तोप का लॉन्ग प्रूफ रेंज में सफलतापूर्वक परीक्षण

देर शाम जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी देर शाम जिला प्रशासन को मिली, जिसके बाद कलेक्टर मिशा सिंह और जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन के निर्देश पर जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ निर्देश शर्मा रात करीब 7.30 बजे स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और स्टाफ से जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद खिचड़ी को चखकर देखा। अधिकारियों ने भोजन का सैंपल भी जांच के लिए लिया है। अतिरिक्त सीईओ ने फोन पर बच्चों और उनके परिजनों से बात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली।

खिचड़ी में थी ज्यादा मिर्ची

जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ ने बताया कि मीनू के अनुसार दाल-चावल दिया जाना था, लेकिन बच्चों की मांग पर मकर संक्रांति को देखते हुए खिचड़ी बनाई गई थी। जांच में खिचड़ी में मिर्च की मात्रा अधिक पाई गई, जिससे बच्चों को पेट और सिर दर्द की समस्या हुई। उन्होंने मिड डे मिल संचालक को भविष्य में कम मिर्च के उपयोग के निर्देश दिए हैं।

See also  प्रदेश में जिओ स्पेशियल टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियां की जाएंगी संचालित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

स्कूल के प्रिंसिपल अमरसिंह भाभर ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से बच्चों को राहत मिली। रावटी क्षेत्र में मिड डे मिल का ठेका प्रकाश ग्वालियरी के पास है, जो क्षेत्र के शासकीय स्कूलों में लगभग एक हजार बच्चों के लिए भोजन तैयार करता है। अन्य किसी स्कूल से भोजन को लेकर कोई शिकायत सामने नहीं आई है।