मोहाली पुलिस ने शुरू की जांच
टीआरपी डेस्क। पंजाबी सिंगर बी प्राक को लॉरेंस गैंग द्वारा फिरौती की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि, 5 जनवरी को सिंगर के दोस्त और गायक दिलनूर को दो विदेशी नंबरों से मिस्ड कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद 6 जनवरी को उन्हें एक अन्य विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल में बातचीत संदिग्ध लगने पर दिलनूर ने फोन काट दिया।
कुछ देर बाद उन्हें ऑडियो संदेश मिला, जिसमें धमकी दी गई कि यदि एक हफ्ते के भीतर दस करोड़ रुपये की राशि नहीं दी गई, तो बी प्राक को गंभीर नुकसान पहुंचाएंगे। कॉल करने वाले ने खुद को अरजू बिश्नोई बताया और दिलनूर से कहा कि वह यह संदेश बी प्राक तक पहुंचाए।
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद दिलनूर ने तुरंत एसएसपी मोहाली से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी मोहाली ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दे दिए। पुलिस अब कॉल के सोर्स और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, कॉल और वॉइस मैसेज विदेश के नंबर से किए गए थे। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए डिजिटल और टेलीफोन रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बी प्राक और उनके परिवार के लिए सुरक्षा मुहैया करने के निर्देश दिए हैं।
पंजाबी सिंगर बी प्राक और उनके सहयोगियों ने भी लोगों से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध कॉल या धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा है कि न केवल कॉल के स्रोत का पता लगाया जाएगा, बल्कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। इस घटना ने संगीत जगत और उनके फैंस में चिंता बढ़ा दी है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



