टीआरपी डेस्क। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। दौरे से पहले वह राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत एक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री सूरजपुर में 174 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान वह विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम चुनगड़ी में आयोजित कर्मा प्रतियोगिता में भी शामिल होंगे। दौरे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सूरजपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता
रायपुर। राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 जनवरी तक सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत सिख मार्शल आर्ट गतका की स्पर्धा आयोजित होगी, जिसमें देश के 15 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में आंध्रप्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, सीबीएसई दिल्ली, गुजरात, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश सहित मेजबान छत्तीसगढ़ के कुल 114 बालक और 116 बालिकाएं भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी 17 वर्ष आयु वर्ग के होंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में किया जाएगा।
रामलला के स्थापना पर जगमगाएंगे 10 हजार दीप
बीरगांव। अयोध्या में रामलला मंदिर स्थापना दिवस की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर बीरगांव क्षेत्र में 17 जनवरी को विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 10 हजार से अधिक दीपों से वातावरण को जगमग किया जाएगा और भगवान श्रीराम की भव्य आरती संपन्न होगी। बीरगांव के बुधवारी बाजार में दीप महायज्ञ की व्यवस्था की गई है। धर्म प्रचार प्रकोष्ठ देवांगन समाज के प्रदेश अध्यक्ष भीखमलाल देवांगन ने बताया कि रामलला मंदिर का स्थापना दिवस 22 जनवरी को है। इसी उपलक्ष्य में बीरगांव में 17 जनवरी को दोपहर 2 बजे 10001 दीपों के साथ दीप यज्ञ आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, विधायक मोतीलाल साहू, देवांगन समाज महिला विंग की अध्यक्ष किरण देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश देवांगन तथा गायत्री परिवार ट्रस्ट के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्याम बैस विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत राजनांदगांव में कांग्रेस की पदयात्रा आज
राजनांदगांव। कांग्रेस की मनरेगा बचाओ संग्राम मुहिम के तहत आज राजनांदगांव ब्लॉक में पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल होंगे। उनके साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। दीपक बैज के नेतृत्व में पदयात्रा गौरव ग्राम भरेगांव से प्रारंभ होकर ग्राम सुरगी पहुंचेगी, जहां जनसभा के साथ इसका समापन होगा।
आरएसएस सहकार्यवाह रामदत्त चक्रधर करेंगे ‘समरस छत्तीसगढ़’ विशेषांक का विमोचन
रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहकार्यवाह रामदत्त चक्रधर 17 जनवरी, शनिवार को दोपहर 2 बजे गोविंदनगर स्थित संघ मुख्यालय जागृति मंडल में ‘समरस छत्तीसगढ़’ विशेषांक का विमोचन करेंगे। यह विशेषांक छत्तीसगढ़ विश्व संवाद केंद्र द्वारा प्रकाशित किया गया है।



