टीआरपी डेस्क। मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर प्रयागराज में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। माघ मेले में देशभर से पहुंचे श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। मेला प्रशासन को अनुमान है कि दिनभर में करीब तीन करोड़ श्रद्धालु संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंच सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, सुबह 7 बजे तक लगभग 75 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे, जबकि सुबह 4 बजे तक यह संख्या 50 लाख के पार पहुंच गई थी। इससे पहले शनिवार को भी करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया था।
माघ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या प्रशासन के अनुमान से अधिक बताई जा रही है। धूप निकलने के साथ भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में यूपी एटीएस की गश्ती टीम के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
मौनी अमावस्या के मौके पर माघ मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। सुरक्षा कर्मियों ने मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच की। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ स्नान घाटों पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं से स्नान के बाद घाट खाली करने की अपील करते रहे, ताकि अन्य श्रद्धालुओं को भी स्नान का अवसर मिल सके। उनके साथ एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रशासन के मुताबिक, मौनी अमावस्या को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्नान के बाद श्रद्धालुओं की निकासी सुचारू रूप से हो रही है और पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही भी नियोजित तरीके से संचालित की जा रही है। अब तक किसी तरह की अव्यवस्था या समस्या की सूचना नहीं मिली है।



