टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के कालीपुर स्थित तालाब में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गिर गया। इस हादसे में तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि पुलिस जवानों ने शीशा तोड़कर वाहन में फंसे चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह हादसा शनिवार रात का है। जानकारी के अनुसार सभी युवक क्रिकेट खेलकर कालीपुर से जगदलपुर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को तालाब में गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर वाहन को बाहर निकाला। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार तालाब जगदलपुर के आउटर इलाके में स्थित है और हादसे के समय वहां ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।


