टीआरपी। KIds’ zone : पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत आने वाले हीरापुर स्थित ब्लाइंड विद्यालय में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए नए कमरे बनाए जाएंगे। वहीं, साधारण बच्चों के लिए किड्स जोन बनाया जाएगा। इनके अलावा अनेक विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। रविवार को पश्चिम विधानसभा के विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने करोड़ों रुपये के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
प्रेरणा ब्लाइंड विद्यालय में दृष्टिबाधित बच्चों की असुविधा को दूर करन विधायक मूणत ने विधायक निधि से स्वीकृत 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन कक्षों का भूमिपूजन किया। हीरापुर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के जीर्णाेद्धार के लिए 25 लाख रुपये की तत्काल स्वीकृति दी और जरवाय में 9 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक उद्यान (पार्क) निर्माण की घोषणा की।
इनके अलावा आमापारा, तात्यापारा, अग्रसेन चौक, तेलघानी नाका और रामसागरपारा जैसे प्रमुख मार्गों में 2 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से सीमेंटीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। करबला तालाब में बच्चों के लिए 25 लाख रुपये की लागत से किड्स जोन का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
ग्राम अटारी में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य मनवा कुर्मी समाज के 80वें अधिवेशन में शामिल होकर मूणत ने 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। समाज की मांग पर बाउंड्री वॉल हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। भूमिपूजन में महापौर मीनल चौबे, पार्षद दीपक जायसवाल आदि शामिल हुए।



