रायपुर। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फेडरिक मर्ज पर भगवान हनुमान जी के प्रतीक का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर ने हनुमान जी के प्रतीक का पतंग के रूप में उपयोग किया और उसे बार-बार गिराया, जो हिंदू समाज और हनुमान भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने ज्ञापन में कहा कि पतंग में हनुमान जी का प्रतीक डालकर उसे उड़ाया गया और काटा गया, जो धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस ने यह भी बताया कि जर्मन चांसलर मांसाहारी व्यंजन लेते हैं, जबकि हनुमान जी के भक्त मांस और मदिरा से दूर रहते हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ प्रतीक का उपयोग करना अनुचित और अपमानजनक है।
कांग्रेस ने इस मामले में पीएम मोदी और जर्मन चांसलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और दोनों से सार्वजनिक माफी मांगने की भी अपील की है। पार्टी का कहना है कि जब तक माफी नहीं मिलती, कानूनी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।



