रायपुर। बीजापुर। Bijapur Encounter: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच चल रही मुठभेड़ लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में 17 जनवरी को शुरू हुआ यह एनकाउंटर रविवार को भी थमने का नाम नहीं लिया। तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों की प्रभावी कार्रवाई में दो और माओवादी मारे गए।

Bijapur Encounter: अब तक कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। मुठभेड़ में अब तक कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 4 महिला और 2 पुरुष नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ में मारे गए नक्सली मुठभेड़ में DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा के शव बरामद किए गए हैं। वहीं मुठभेड़ में मारे गए दो माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

See also  आत्मसमर्पित नक्सलियों का होगा अपना आशियाना, सीएम साय ने जारी की पीएम आवास योजना की पहली किस्त

Bijapur Encounter: भारी मात्रा में हथियार बरामद

एसपी जितेंद्र यादव के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। इनमें दो एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, दो थ्री नॉट थ्री (303) राइफल, एक कार्बाइन और छह ग्रेनेड शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन हथियारों की बरामदगी से नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।