रायपुर। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन प्रस्ताव पर छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कुल 17 प्रस्तावक होंगे।
प्रस्तावकों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और लता उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के साथ राज्य के सभी सांसद शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी को ही पूरी कर ली जाएगी।
इसके बाद अगले दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ से भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली में मौजूद रहेंगे।
वंदे मातरम् की 150वीं जयंती: आज से दूसरे चरण के कार्यक्रम शुरू
रायपुर। वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का दूसरा चरण आज से शुरू हो रहा है। यह चरण 19 से 26 जनवरी तक चलेगा, जिसके तहत राज्यभर में विविध सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस दौरान वंदे मातरम् पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशेष सभाएं और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका शामिल होंगे।
कार्यक्रमों में एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर राज्य पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्य में चार चरणों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महासमुंद में कांग्रेस की पदयात्रा आज, दीपक बैज करेंगे नेतृत्व
महासमुंद। वीबी जी राम जी के खिलाफ कांग्रेस का पंचायत स्तरीय पदयात्रा अभियान जारी है। इसी क्रम में आज महासमुंद जिले के बंदोरा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज करेंगे। यह यात्रा लगभग 6 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता से संवाद करेंगे।
नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आज से शुरू होगी काउंसलिंग
नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आज से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। यह 23 जनवरी तक जारी रहेगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों से दावा-आपत्ति मंगाई है। दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। बता दें कि एमएससी की 135, पोस्ट बेसिक की 808 और बीएससी की 5422 सीटों पर प्रवेश होगा। शासकीय मेडिकल कॉलेज के कक्ष क्रमांक 503 में काउंसलिंग कमेटी के समक्ष अभ्यर्थी दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे।



