टीआरपी डेस्क। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे आज दोपहर 2 से 4 बजे के बीच दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

पार्टी के तय कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 5 से 6 बजे तक नाम वापस लेने की प्रक्रिया चलेगी। यदि और नामांकन नहीं भरा गया तो चुनाव अधिकारी नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर देंगे। वहीं अगर एक से अधिक नामांकन सामने आते हैं, तो 20 तारीख को मतदान कराया जाएगा।

नामांकन की इस प्रक्रिया के दौरान भाजपा के लगभग सभी मुख्यमंत्री, राज्य इकाइयों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता दिल्ली में मौजूद रहेंगे। पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर 16 जनवरी को आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया था। इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

See also  दिल्ली में प्रदूषण पर केंद्र को फटकार, अगले दो दिन में ठीक होने चाहिए हालात, जरूरत हो तो लगा दें लॉकडाउन- सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली सीएम ने बुलाई आपातकाल बैठक

पार्टी में निर्विरोध चुनाव की परंपरा हाल के महीनों में भी देखने को मिली है। बीते छह महीनों में तीन राज्यों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। जुलाई में हेमंत खंडेलवाल को मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद दिसंबर में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, जहां उनके खिलाफ किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वहीं जनवरी में झारखंड में आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद द्वारा किया जाता है। इस परिषद में करीब 5,708 सदस्य शामिल होते हैं, जिनमें राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और देश के 30 से अधिक राज्यों से आने वाले राज्य परिषदों के प्रतिनिधि होते हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।