टीआरपी। Nitin Naveen becoming the national president : भारतीय जनता पार्टी के सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित भाजपा के समस्त वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों, निगम-मण्डल अध्यक्षों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हार्दिक बधाई देते हुए शुभकामनाएँ दी हैं। दोपहर बाद बोरियाकलां स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय सहित स्थानीय एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में भी आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया और बधाई दी।

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि एक युवा नेता के रूप में दुनिया की सबसे बड़ी पोलिटिकल पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष का गुरुतर दायित्व ग्रहण किया है। सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नबीन अपनी जिम्मेदारियाँ निभाएंगे। भाजपा ने देश और कार्यकर्ताओं को एक संदेश दिया है कि जो भी कड़ी मेहनत करेगा, एक आम कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और यहाँ तक कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। युवाओं को पार्टी में नई दिशा और नई सोच लाने का मौका दिया गया है।

See also  Social Media Trolling : युवक ने कुंए में कूदकर की आत्महत्या! सोशल मीडिया ट्रोलिंग बनी वजह, जानें क्या है पूरा मामला...

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा आज ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक रूप से सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके 14 करोड़ से ज्यादा प्रमाणित सदस्य हैं। हमारी प्रक्रिया पूरी तरह से लोकतांत्रिक है, जो बूथ से शुरू होकर, जिला और राज्य स्तर से गुजरते हुए आज राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचकर पूर्ण हुई है। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते हैं कि हमारे युवा ही हमारा भविष्य हैं। नए अध्यक्ष नबीन के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रधानमंत्री द्वारा तय किए गए विकसित भारत के विजन को युवा ही पूरा करेंगे, जो देश का मार्गदर्शन करने और उसे एक विकसित भारत बनाने में आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगे।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष द्वय डॉ. सरोज पाण्डेय व लता उसेण्डी ने भी बधाई देते हुए शुभकामना व्यक्त की है। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने कहा कि नबीन का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा की यश-पताका देश में चहुँओर फहराएगी।

See also  Nude Party: न्यूड पार्टी केस में एक और आरोपी अनूपपुर से गिरफ्तार, Hyper Club के मालिक जेम्स बेक सहित 7 आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि नबीन सत्ता और संगठन में कर्मठ प्रशासक व समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। संगठनात्मक कार्यों का उनका लंबा अनुभव है। पूरे देश को उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा और भाजपा का जनाधार बढ़ेगा। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि एक समर्पित, विनम्र और कार्यकर्ताओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की उनकी विशिष्टता व प्रतिबद्धता अब देशभर में भाजपा को और ज्यादा मजबूती से सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करेगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व डॉ. नवीन मार्कंडेय ने भी बधाई दी है।