टीआरपी डेस्क। नक्सल विरोधी अभियान के तहत गुरुवार को चाईबासा जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सली संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के घने और दुर्गम जंगलों में उस समय हुई, जब नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली अनल समेत 9 से 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सारंडा जंगल में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

तलाशी अभियान के दौरान जैसे ही सुरक्षाबल नक्सलियों के करीब पहुंचे, नक्सलियों ने खुद को घिरा देख अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक भारी गोलीबारी होती रही।

See also  BREAKING : PCCF चीफ राकेश चतुर्वेदी बने हेड आफ फारेस्ट फोर्स, देखें आदेश

बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों के दबाव के चलते कुछ नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सघन तलाशी अभियान जारी है।

सुरक्षा एजेंसियां इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी संभावित नक्सली गतिविधि से निपटने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती भी की गई है।