टीआरपी। Chitrotpala Film City : पिछले कई बरसों से छत्तीसगढ फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता, कलाकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त फिल्म सिटी बनाने की मांग कर रहे थे। अब, वह सपना साकार होने जा रहा है। नवा रायपुर में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण शुरू हो रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 24 जनवरी को भूमिपूजन करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म सिटी का निर्माण दो-तीन वर्ष में पूरा हो जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री को देशभर में विशेष पहचान मिलेगी। अन्य राज्यों के निर्माता, निर्देशक, कलाकार यहां शूटिंग करने के लिए आएंगे। स्थानीय कलाकारों को भी इसका लाभ मिलेगा। हजारों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी में हाई टेक स्टूडियो, आउटडोर शूटिंग लोकेशन, पोस्ट प्रोडक्शन यूनिट, ऑडिटोरियम होटल और प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। यह फिल्म सिटी बॉलीवुड, रीजनल सिनेमा और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स को आकर्षित करेगी।
उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर के सेक्टर-23 माना-तूता में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी एंड कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए कुछ माह पूर्व समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने अध्यक्षता की थी। मंुंबई की ईगल स्टूडियोज़ एंटरटेनमेंट लिमिटेड ने इस प्रोजेक्ट का विस्तृत मास्टर प्लान प्रस्तुत किया था। प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित हुए थे। अनुमान है कि यह प्रोजेक्ट डीबीएफओटी या पीपीपी मॉडल पर लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगा।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की कैपिटल इन्वेस्टमेंट हेतु राज्यों को विशेष सहायता – ग्लोबल स्तर के आइकोनिक पर्यटन केंद्रों का विकास योजना के तहत परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए केंद्र सरकार ने 95.79 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। साथ ही ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा निजी क्षेत्र से लगभग 300 करोड़ रुपये निवेश की संभावना है।
फिल्म सिटी में अत्याधुनिक स्टूडियो, स्थायी सेट्स स्कूल, अस्पताल, जेल, पुलिस स्टेशन और कृत्रिम नदी-पर्वत, कन्वेंशन सेंटर, जनजातीय सांस्कृतिक केंद्र, ई-बस सेवा और रिसॉर्ट्स, प्री-पोस्ट प्रोडक्शन सुविधाएं, आवास व्यवस्था, फूड कोर्ट, तालाब-उद्यान आदि सुविधाएं होंगी। पर्यटकों के लिए टॉय म्यूजियम, स्नो वर्ल्ड, मल्टीप्लेक्स, होटल, रेस्टॉरेंट आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। फिल्म सिटी से फिल्म निर्माण, टूरिज्म, आसपास बसाहट, निवेश और छत्तीसगढ़ी सिनेमा को प्रोत्साहन मिलेगा।
फिल्म शूटिंग, फेस्टिवल के अवसर
हाल के वर्षों में छत्तीसगढ़ में न्यूटन, जहानाबाद, कौन प्रवीण तांबे, द ग्रेट इंडियन मर्डर, ग्राम चिकित्सालय जैसी फिल्मों एवं वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है। परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को नए अवसर प्राप्त होंगे। फिल्म फेस्टिवल, अवार्ड शो, अन्य मनोरंजक कार्यक्रम होंगे। पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार होगा। फिल्म टूरिज्म के साथ सामान्य पर्यटन का विकास होगा।
भूमिपूजन के अतिथि
भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा.रमन सिंह, राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं फिल्म गदर – 2 के निर्देशक अनिल शर्मा, दृश्यम -3 के निदेशक जीथू जोसेफ, अभिनेता मनोज जोशी आदि उपस्थित होंगे।



