रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने के संकेत दिए हैं। अगले 48 घंटों में प्रदेशभर में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की गिरावट हो सकती है, हालांकि इसके बाद किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।

वर्तमान में छत्तीसगढ़ को प्रभावित करने वाले दो सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक द्रोणिका के रूप में स्थित है, जिसका अक्ष समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर लगभग 60 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। वहीं पूर्वोत्तर क्षेत्र में समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 110 नॉट की गति वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है।

See also  CG Weather Update: अंबिकापुर में पारा 15.9 डिग्री पर पहुंचा, रायपुर के आउटर में होने लगा ठंड का अहसास

रायपुर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। आज राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।