टीआरपी डेस्क। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का एक और दौर शुरू हो गया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक मौसम के बदले मिजाज ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में चल रही सर्द हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई है।
भारी बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हालात गंभीर बने हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कें बर्फ की चादर में दब गई हैं, वहीं उड़ानों और यातायात पर भी असर पड़ा है।
श्रीनगर एयरपोर्ट से कई उड़ानें रद्द
लगातार हो रही बर्फबारी के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-44 को बंद करना पड़ा है। खराब दृश्यता और दिल्ली में लागू NOTAM के कारण श्रीनगर एयरपोर्ट से इंडिगो सहित कई एयरलाइंस की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में तीन फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
हिमाचल प्रदेश में 535 सड़कें बंद, करोड़ों का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में सीजन की पहली बर्फबारी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार राज्य में 4 नेशनल हाईवे सहित कुल 535 सड़कें बंद हो गई हैं। बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी राहत कार्यों में बाधा बन रही है। अब तक राज्य को करीब 6 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। कई पर्यटक क्षेत्रों में वाहन फंसने की घटनाएं सामने आई हैं।
उत्तराखंड में राहत और बचाव कार्य जारी
उत्तराखंड के नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। रामगढ़-मुक्तेश्वर और धनाचूली क्षेत्र में फंसे 20 से 25 वाहनों को जेसीबी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बर्फबारी की संभावना जताते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड और गलन
बारिश और तेज हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में हवाओं की रफ्तार 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच बनी हुई है। ठंड के साथ गलन बढ़ने से लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 24 और 25 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है।



