कोरबा। नगर सेना के जवान के जहर सेवन के मामले में आखिरकार बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। कोरबा के जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी अनुज कुमार एक्का को तत्काल प्रभाव से रायपुर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। आदेश 27 जनवरी को जारी हुआ और 28 जनवरी से उन्हें रायपुर स्थित नगर सेना माना कैंप के केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस आदेश में बताया गया है कि अनुज एक्का को नगर सैनिकों के एडवांस और लीडरशिप कोर्स के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन आत्महत्या मामले के बाद यह कार्रवाई सामने आने से सवाल खड़े हो रहे हैं। महकमे में चर्चा है कि यह महज प्रशिक्षण जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मामले से जुड़ा बड़ा प्रशासनिक संदेश भी हो सकता है।

अनुज एक्का के रायपुर जाने के बाद कोरबा जिले का अतिरिक्त प्रभार जांजगीर-चांपा की जिला सेनानी योग्यता साहू को सौंपा गया है। यानी फिलहाल कोरबा नगर सेना की कमान बाहरी अधिकारी के हाथ में चली गई है।

See also  बड़ा फैसलाः स्वामी आत्मानंद स्कूल की कक्षाओं में अब 40 की जगह 50 बच्चों को मिलेगा प्रवेश

कलेक्ट्रेट में किया था जहर सेवन

गौरतलब है कि कोरबा जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने आत्महत्या करने की कोशिश की। जवान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

जवान के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमें उसने आत्महत्या के कदम के पीछे के कारणों का जिक्र किया है। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले जिला सेनानी के खिलाफ महिला सैनिकों ने विशाखा समिति में शिकायत की थी, जिसके बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इस घटना से आहत होकर संतोष पटेल ने आत्महत्या का प्रयास किया।

बहरहाल इस कार्रवाई को महकमे के भीतर हलचल तेज है। कुछ अधिकारी इसे रूटीन अटैचमेंट बता रहे हैं, तो कई इसे आत्महत्या मामले के बाद की गई सख्त कार्रवाई मान रहे हैं। आदेश में “तत्काल प्रभाव से” शब्दों का इस्तेमाल इन चर्चाओं को और मजबूत कर रहा है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ ट्रेनिंग के नाम पर अटैचमेंट है या जवान की आत्महत्या मामले में आगे और कार्रवाई की तैयारी? क्या आने वाले दिनों में नगर सेना और अग्निशमन विभाग से जुड़े और अधिकारी जांच के दायरे में आएंगे? फिलहाल इतना तय है कि इस कार्रवाई ने कोरबा प्रशासन और नगर सेना महकमे में खलबली मचा दी है।

See also  बिजली उपभोक्ताओं के हित में बड़ा फैसला, मीटर रीडिंग-बिलिंग पर लगी रोक, हाफ रेट बिजली योजना का मिलेगा लाभ