जांजगीर-चांपा। मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र के पास से मिले चार पेज के सुसाइड नोट ने असलियत उजागर कर दी है। इस नोट में स्कूल प्राचार्य और शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।

स्कूल से निकालने के बाद था डिप्रेशन में

मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम आरसमेटा निवासी कमलेश जायसवाल (18) पहले न्यूवोको पब्लिक स्कूल में पढ़ रहा था। बताया गया कि कुछ समय पहले उसे स्कूल से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह अन्य स्कूल में 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार कमलेश पढ़ाई में अच्छा था, लेकिन पिछले एक साल से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहा था।

बीती रात कमलेश ने अपने घर में फांसी लगा ली। सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा, जहां वह फंदे पर लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

See also  इस IAS अफसर के दादा-दादी ने की खुदकुशी, मरने से पहले पुलिस को सौंपा सुसाइड नोट

‘मुझे जीते-जी न्याय नहीं मिला’

पुलिस को छात्र के पास से चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। नोट में उसने सुमंतो विश्वास और अनुपम पाल पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। छात्र ने लिखा है कि उसे जीते-जी न्याय नहीं मिला, लेकिन मरने के बाद न्याय मिलने की उम्मीद है। उसने खुद को “जिंदा लाश” बताया और कहा कि बिना उसकी बात सुने उसे दोषी ठहराया गया, मारपीट करवाई गई और शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।

शव को सड़क पर रखकर किया चक्का जाम

छात्र की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद शाम करीब चार बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।

प्राचार्य और शिक्षक की सेवाएं समाप्त

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। प्रबंधन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।

See also  छत्तीसगढ़: 16 साल का स्टूडेंट महिला केमेस्ट्री टीचर के यौन शोषण का शिकार, फांसी लगाकर की आत्महत्या, जानें सुसाइड नोट में क्या लिखा?

मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल ने बताया कि सुसाइड नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।