CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार अपने दो साल पूरे कर तीसरे साल में प्रवेश कर गई । प्रदेश सरकार इस दो साल के कार्यकाल में अपनी उपलब्धियों को मीडिया में साझा कर रही है। इसी कड़ी में 31 मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद के खात्मे और वहां कि आदिवासी संस्कृति, वहां के लोगों का विकास के बारे में सीएम विष्णुदेव साय अपनी योजनाओं पर चर्चा की।
साय ने एक टीवी चैनल का दिए इंटरव्यू में नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर की खनिज संपदा को अदाणी अंबानी जैसे कार्पोरेट समूह को सौंपे जाने के आरोपों पर भी खुलकर बात की। साय ने दो टूक कहा कि नक्सलवाद का खात्मा विकास के लिए है..किसी को बसाने के लिए नहीं, उन्होंने कहा कि बस्तर को अदाणी अंबानी के हवाले करने की बात विपक्ष प्रोपेगेंडा है।
CG News: नक्सलवाद ने बस्तर को दशकों पीछे धकेला
सीएम साय ने कहा कि नक्सलवाद ने बस्तर को दशकों पीछे धकेल दिया था, अब उसे आगे बढ़ाने का वक्त है। जहाँ कभी बंदूक का डर था, वहाँ आज स्कूल, मोबाइल नेटवर्क और अस्पताल पहुँच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मजबूत इच्छाशक्ति के चलते प्रदेश में नक्सलवाद अब अंतिम सांसें ले रहा है।
साय ने कहा, सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 की जो समय-सीमा तय की थी, उसमें तय समय से पहले ही सफलता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में पहले भी सुरक्षा बलों के यही जवान तैनात थे, लेकिन तब प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती थी। आज वही जवान लगातार सफल अभियान चला रहे हैं, जो सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है।
CG News: स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना ही नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ी जीत
सीएम साय ने कहा कि, उनकी सरकार बस्तर के आदिवासियों के हित में काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार है। स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना ही नक्सलवाद के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है।
उन्होंने कहा कि अब बस्तर में शांति और विकास दोनों एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। 4G नेटवर्क, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य बुनियादी सुविधाएं अब नक्सल प्रभावित इलाकों तक पहुँच रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोज़गार और भरोसा मिल रहा है।
CG News: महतारी वंदन योजना को महिला सशक्तिकरण का मील का पत्थर
मुख्यमंत्री ने अपने दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना और तेंदूपत्ता श्रमिकों के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी का उल्लेख किया। महतारी वंदन योजना को महिला सशक्तिकरण का मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही है।
सीएम साय ने कहा कि उद्योग के साथ पर्यटन को जोड़कर बस्तर, सरगुजा और जशपुर जैसे जिलों में विकास को तेज़ किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान की गई मोदी गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा करने में सफल रही है।
CG News: विकसित छत्तीसगढ़ विज़न पर होगा आगामी बजट
विधानसभा के बजट सत्र में पेश किए जाने वाले छत्तीसगढ़ के आगामी बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो बजटों में सरकार ने सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाओं को बजट प्रावधानों में शामिल किया है। आने वाला बजट और भी खास होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के विज़न पर काम कर रही है और आगामी बजट इसी लक्ष्य पर केंद्रित होगा।



