रायपुर। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और तीन लग्जरी कारें जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 92 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ल्ड कप को देखते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 31 जनवरी की रात गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
तीन कारों में बैठकर चला रहे थे सट्टा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिंद्रा थार और नेक्सा एक्सएल सहित तीन कारों में बैठे छह लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
ऑनलाइन बैटिंग साइट से जुड़ा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी jmdbet777.com और classic777.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते थे। आईडी बेचने और कमीशन के माध्यम से अवैध कमाई की जा रही थी। मोबाइल की जांच में सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
कई राज्यों से जुड़े तार
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। जब्त नकदी को लेकर म्यूल बैंक अकाउंट और हवाला लेनदेन के संकेत भी मिले हैं, जिनकी वित्तीय जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रखब देव पाहुजा, जितेंद्र कुमार कृपलानी, दीपक अग्रवाल और सचिन जैन पहले भी जुआ के मामलों में जेल जा चुके हैं।
इन धाराओं में मामला दर्ज
गंज थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्ल्ड कप के दौरान सट्टेबाजी पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।


