रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले से नक्सलियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की है। दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि गोलीबारी और हिंसा की राह से किसी का भला नहीं हुआ है। विकास के रास्ते पर आएं, सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के साथ मानवीय और सम्मानजनक व्यवहार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक नक्सल हिंसा समाप्त करने की समयसीमा तय की है। सरकार ने प्रभावी पुनर्वास नीति लागू की है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभी भी समय है, यदि नक्सली आत्मसमर्पण करते हैं तो सरकार उनकी जिम्मेदारी लेगी और भविष्य की चिंता करेगी।

सीएम साय ने उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय था जब नक्सली अबूझमाड़ हाफ मैराथन जैसे आयोजनों का विरोध करते थे, लेकिन आज आत्मसमर्पण के बाद वही लोग इन आयोजनों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल शुरू किए गए बस्तर ओलंपिक में भी आत्मसमर्पित नक्सलियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली है, जो क्षेत्र में बदलते माहौल और विश्वास का संकेत है।

See also  भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के संभाग प्रभारी एवं जिला प्रभारियों की लिस्ट हुई जारी, देखें किन्हें मिली जगह