सरगुजा। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को नशीले इंजेक्शन के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड से छत्तीसगढ़ तक फैले अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए टीम ने झारखंड के गढ़वा जिले के सबसे बड़े नशीले इंजेक्शन सप्लायर रंजीत विश्वकर्मा एवं उसके दो पार्टनर्स को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 7.50 लाख मूल्य के 1500 नग नशीले इंजेक्शन जप्त कर आरोपियों को जेल दाखिल किया गया। पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।

इससे पहले दिनांक 30 जनवरी 2026 को उड़नदस्ता टीम ने झारखंड के गोदरमाना निवासी अनूप गुप्ता एवं बतौली (सरगुजा) निवासी विनय गुप्ता को 1200 नग नशीले इंजेक्शन (कीमत ₹6 लाख) के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूछताछ में अनूप गुप्ता ने खुलासा किया कि वह नशीला इंजेक्शन झारखंड के गढ़वा जिले के रंजीत विश्वकर्मा से खरीदता है, जबकि उसके साथी मंजूर अंसारी एवं प्रमोद कुमार सप्लाई का काम संभालते हैं। जानकारी मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने सरगुजा डीआईजी राकेश अग्रवाल से साइबर सेल की मदद मांगी। साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर 31 जनवरी 2026 की शाम पलटन घाट, रामानुजगंज से तीनों आरोपियों को एक साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के कब्जे से 1500 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपियों को पूर्व प्रकरण में भी गिरफ्तार किया गया तथा पृथक से एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी), 29 के तहत कार्यवाही करते हुए न्यायालय रामानुजगंज में रिमांड पर पेश किया गया।

See also  करोड़ों के घोटाले में नगर पंचायत के CMO और लेखपाल को EOW ने किया गिरफ्तार, दूसरे मद में खर्च कर दी थी राशि

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने इस सफलता का श्रेय डीआईजी राकेश अग्रवाल, साइबर सेल के अजीत मिश्रा, भोजराज पासवान एवं उनकी टीम को देते हुए कहा कि “साइबर सेल के सहयोग के बिना 24 घंटे के भीतर यह गिरफ्तारी संभव नहीं थी।”उन्होंने यह भी बताया कि रंजीत विश्वकर्मा गढ़वा जिले का सबसे बड़ा नशीले इंजेक्शन का सप्लायर माना जाता है और उसकी गिरफ्तारी से छत्तीसगढ़ में नशीले इंजेक्शन के कारोबार पर काफी हद तक रोक लगने की संभावना है।

पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इंद्रबली मारकंडे के मार्गदर्शन में की गई। इस अभियान में साइबर सेल सरगुजा के अजीत मिश्रा, भोजराज पासवान, जितेश साहू, विकास सिन्हा, लीना तिर्की तथा आबकारी उड़नदस्ता टीम के अशोक सोनी, गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, चंद्रावती एवं नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।