टीआरपी। Sirpur festiwal : सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिरपुर महोत्सव के शुभारंभ पर व्यक्त किया।
देश की सांस्कृतिक पहचान
ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। सिरपुर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है। लगभग 200 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल , पर्यटन, पेयजल एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी।
मलेशिया, जापान से आए बौद्ध भिक्षुक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महोत्सव में मलेशिया, कोरिया, जापान के बौद्ध विचारक पधारे है। सिरपुर में सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का विस्तार हुआ। यह संस्कृति का अदभुत संगम है। सिरपुर में पर्यटन के विकास की संभावनाओं को देखते हुए सरकार इसे विश्व धरोहरों में शामिल करने गंभीरता से प्रयास कर रही है। देश दुनिया में सिरपुर का नाम होगा।

कोडार जलाशय योजना शीघ्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति भी जल्दी होगी। सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय में पानी लाने के लिए योजना पर शीघ्रता से कार्य जारी है। इससे क्षेत्र के किसानों को लगातार सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
पर्यटन को बढ़ावा
खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका है। सिरपुर महोत्सव के माध्यम से जिले को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह वही भूमि है जहाँ धर्म, कला और ज्ञान का अद्भुत संगम हुआ है। सड़क, बिजली, जल, पर्यटन सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं के विकास से यह क्षेत्र नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।
इस अवसर पर विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, विधायक बसना संपत अग्रवाल, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण उपस्थित रहे।


