रायपुर। तेलीबांधा तालाब के पास पार्किंग शुल्क वसूली के लगातार हो रहे विरोध को देखते हुए नगर निगम को अपना फैसला वापस लेना पड़ा। महापौर मीनल चौबे ने साफ कहा है कि अभी तालाब किनारे पार्किंग शुल्क लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि सड़क पर खड़े वाहनों से शुल्क वसूलना व्यवहारिक नहीं है, और इससे अव्यवस्था बढ़ सकती है।
महापौर के अनुसार, अगले 15 दिनों तक क्षेत्र की निगरानी करने का फैसला किया गया है। इस दौरान यह देखा जाएगा कि लोग किस तरह पार्किंग कर रहे हैं और समस्या की वास्तविक तस्वीर क्या है। तालाब के दूसरी ओर मौजूद बड़े कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों पर महापौर ने कहा कि इन संस्थानों में आने वाले लोग अक्सर अपने वाहन तालाब की ओर सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। हालांकि, इस पर नियंत्रण का अधिकार नगर निगम के बजाय यातायात पुलिस के पास है।
अब आगे की रणनीति तय करने के लिए निगम पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बैठक करेगा। उसके बाद निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यहां का पार्किंग निःशुल्क होगा।



