बिजनेस डेस्क। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील फाइनल होने की खबर का असर सोमवार को घरेलू शेयर बाजार पर साफ दिखा। कारोबार की शुरुआत के साथ ही निफ्टी 50 में पहली बार 1000 अंक से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इससे पहले 24 मई 2025 को निफ्टी इंट्राडे में 936 अंक चढ़ा था।
एशियाई बाजारों में भी मजबूती रही। GIFT निफ्टी 1000 अंक से ज्यादा उछलकर 26,150 के ऊपर ट्रेड करता दिखा। निफ्टी के सभी सेक्टर इंडेक्स हरे निशान में रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जमकर खरीदारी हुई।
तेजी के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹13 लाख करोड़ बढ़ गया। यानी बाजार खुलते ही निवेशकों की संपत्ति में भारी इजाफा हुआ।
बीएसई सेंसेक्स 2508.59 अंक यानी 3.07% की तेजी के साथ 84,175.05 पर और निफ्टी 50 765.05 अंक यानी 3.05% चढ़कर 25,853.45 पर ट्रेड कर रहा है।
निफ्टी का ऑल-टाइम हाई 26,373.20 है, जिसे इसने 5 जनवरी 2026 को इंट्राडे में छुआ था। आज के कारोबार में निफ्टी 26,341.20 तक पहुंच गया। सेक्टर के लिहाज से निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 4% से ज्यादा की बढ़त रही, जबकि ऑटो, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 3% से अधिक चढ़े।
ट्रेड डील में क्या तय हुआ?
समझौते के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ 50% से घटाकर 18% करने की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का क्षण बताया। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदने पर सहमति जताई।
निवेशकों की संपत्ति में ₹13.37 लाख करोड़ का इजाफा
2 फरवरी को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,55,03,877.32 करोड़ था। 3 फरवरी को बाजार खुलते ही यह बढ़कर ₹4,68,40,968.84 करोड़ पहुंच गया। यानी निवेशकों की संपत्ति में ₹13,37,091.52 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।
सेंसेक्स के सभी शेयर ग्रीन जोन में
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर हरे निशान में रहे। अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस और आइशर मोटर्स टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
72 शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर
बीएसई पर आज 3192 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 2750 शेयरों में तेजी, 339 में गिरावट और 103 शेयर बिना बदलाव के रहे। 72 शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचे, जबकि 25 शेयर एक साल के निचले स्तर पर रहे। इसके अलावा 130 शेयर अपर सर्किट और 41 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।


