टीआरपी डेस्क। चीन ने इलेक्ट्रिक वाहनों में इस्तेमाल होने वाले हिडन हैंडल के डिजाइन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस विवादास्पद डिजाइन पर रोक लगाने वाला चीन दुनिया का पहला देश बन गया है। इस तरह के हैंडल को एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने लोकप्रिय बनाया था और वर्तमान में भारत समेत दुनिया के कई देशों की कारों में इसका उपयोग किया जा रहा है।

चीन का यह फैसला हाल ही में हुई कुछ घातक दुर्घटनाओं के बाद सामने आया है। सुरक्षा निगरानी संस्थाओं की जांच में यह बात निकलकर आई कि शाओमी के दो इलेक्ट्रिक वाहनों में हुई दुर्घटना के दौरान इलेक्ट्रिक सिस्टम फेल होने के कारण कार के दरवाजे नहीं खुल पाए थे।

चीन के सरकारी मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर में शाओमी एसयू-7 अल्ट्रा सिडान के साथ हुए हादसे में चालक की जान चली गई थी। हादसे के समय मौके पर मौजूद राहगीरों ने चालक को बचाने के लिए कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की थी, लेकिन सिस्टम फेल होने की वजह से वह नहीं खुला।

See also  ट्रंप की हो सकती है गिरफ्तारी, ईरान ने वारंट जारी कर इंटरपोल से मांगी मदद, जानें अब क्या करेगा इंटरपोल

इस सुरक्षा खामी को देखते हुए चीनी अधिकारियों ने अब ऐसी कारों के डिजाइन में बदलाव के निर्देश दिए हैं। हालांकि, रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार शाओमी कंपनी की ओर से अभी तक इस दुर्घटना या सरकार की नई नीति पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दुनिया भर में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच चीन का यह कदम ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।