टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में इस मामले के पीछे ऑनलाइन गेम की लत को कारण माना जा रहा है।
गेम खेलने से रोकने पर नाराज थीं बहनें
पुलिस के मुताबिक तीनों बहनें एक कोरियाई टास्क-बेस्ड ऑनलाइन गेम की आदी थीं। परिजन उन्हें बार-बार गेम खेलने से मना करते थे, जिससे वे नाराज चल रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में तीनों ने मंगलवार रात एक साथ नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
मोबाइल और लिखित कागजात जांच में
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें कोरियन लवर नामक गेमिंग एप का इस्तेमाल कर रही थीं। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और डिजिटल जांच की जा रही है। इसके अलावा घर से हाथ से लिखे कुछ कागजात भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा के बाद स्थिति साफ होगी।
सोसायटी में पसरा मातम
बुधवार सुबह जब सोसायटी के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। इमारत के नीचे तीनों बहनों के शव देख लोग सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पिता ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पिता चेतन ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़े हैं और परिवार पिछले तीन साल से भारत सिटी सोसायटी में रह रहा था। घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान तीनों बहनें खिड़की के रास्ते बाहर गईं और छलांग लगा दी।
उम्र में था दो-दो साल का अंतर
मृतक बहनों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र में दो-दो साल का अंतर था। जानकारी के अनुसार, कोरोना काल के बाद तीनों ने पढ़ाई छोड़ दी थी, जिसके बाद वे लगातार मोबाइल गेम्स में समय बिताने लगीं।
बता दें कि चेतन अपने परिवार में दो पत्नियों और चार बच्चों के साथ रहते हैं। तीनों बहनों का एक छोटा भाई है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। इस घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन परिस्थितियों में तीनों ने यह कदम उठाया।



