रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। अंबिकापुर दौरे पर पहुंचे प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की नीयत की तारीफ की है मगर राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर गहरी चिंता जाहिर की।
मीडिया से बातचीत में टीएस सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा पर उन्हें कोई संदेह नहीं है। उनके शब्दों में, मुख्यमंत्री एक अच्छे इंसान हैं और बेहतर करने की इच्छा भी रखते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि सिर्फ अच्छी नीयत काफी नहीं होती, जमीनी हालात को समझना और उस पर प्रभावी कार्रवाई करना उतना ही जरूरी है।
सिंहदेव ने पुराने राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले राज्य का मुखिया कंबल ओढ़कर आम लोगों के बीच निकल जाता था और सीधे जनता से मिलकर उनकी परेशानियां समझता था। आज भी वैसी ही जमीनी जुड़ाव वाली राजनीति की जरूरत है, ताकि शासन और जनता के बीच की दूरी कम हो सके। इसे मौजूदा सरकार के कामकाज के तरीके पर एक अप्रत्यक्ष टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और लेनदेन की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हालात पहले से कहीं ज्यादा बिगड़ चुके हैं और लेनदेन अब दुगुना-तिगुना हो गया है, जिसका सीधा असर आम आदमी पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, रोजमर्रा के कामों में आम नागरिक लगातार परेशान है और मौजूदा स्थिति को संतोषजनक नहीं कहा जा सकता।
सिंहदेव ने आरोप लगाया कि सरकार को जमीनी सच्चाई की पूरी समझ नहीं है। कई अहम समस्याएं या तो ऊपर तक पहुंच ही नहीं पा रही हैं या फिर उन पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और संवेदनशीलता की कमी साफ नजर आती है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है।


