टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन ने 24 वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा जारी इस सूची में मुख्यालय स्तर पर पदोन्नति के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण जिलों और कमिश्नरेट में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।

यह फेरबदल अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अनुभवी अधिकारियों की पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। अयोध्या और लखनऊ जैसे हाई-प्रोफाइल जोन में नए नेतृत्व से सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय में तेजी आने की उम्मीद है।

सुजीत पांडे बने डीजी, प्रवीण कुमार संभालेंगे लखनऊ जोन

1994 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडे को लखनऊ जोन के एडीजी पद से पदोन्नत कर डीजी (अग्निशमन एवं आपात सेवाएं) मुख्यालय बनाया गया है। वहीं, अयोध्या परिक्षेत्र के प्रवीण कुमार को अब लखनऊ जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। वे राजधानी और आसपास के जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।

See also  US Open 2023 : रोहन बोपन्ना ने 43 साल की उम्र में रचा इतिहास, किया ये कमाल…

रामनगरी और कमिश्नरेट में नई तैनाती

मिर्जापुर के एसपी सोमेन बर्मा को प्रमोट कर डीआईजी, अयोध्या रेंज बनाया गया है। अयोध्या की संवेदनशीलता को देखते हुए सोमेन बर्मा की यह तैनाती काफी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा, विनोद कुमार को मुरादाबाद पुलिस अकादमी का आईजी नियुक्त किया गया है।

अनुकृति शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी:

संभल में 100 करोड़ रुपये के इंश्योरेंस घोटाले का पर्दाफाश करने वाली 2020 बैच की अधिकारी अनुकृति शर्मा को प्रमोशन के साथ गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) कमिश्नरेट में एडीसीपी बनाया गया है।