टीआरपी डेस्क। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काला धुंआ करीब 10 किलोमीटर दूर से ही दिखाई दे रहा था। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। फैक्ट्री में तार, ऑयल और केमिकल जैसे ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिसके कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन द्वारा आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और एहतियातन कूलिंग का काम किया जा रहा है।


