Mainpat festival 2026: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 3 दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्य अतिथि सीएम विष्णुदेव साय करेंगे। तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन मैनपाट के रोपाखार जलाशय के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।
Mainpat festival 2026: महोत्सव के पहले दिन 13 फरवरी को भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी तथा ओडिशा के हरिपद मोहंता द्वारा छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। दूसरे दिन 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर, इंडियन आइडल एवं सारेगामापा फेम वैशाली रायकवार, गायक स्वप्नील जायसवाल सहित स्थानीय कलाकार मंच संभालेंगे।
Mainpat festival 2026: अंतिम दिन 15 फरवरी को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
Mainpat festival 2026: मेला, फूड जोन, बोटिंग रहेंगे मुख्य आकर्षण
महोत्सव के दौरान ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। महोत्सव स्थल पर विशाल मेला लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा, वहीं फूड जोन की भी उत्तम व्यवस्था होगी। इस दौरान रोपाखार जलाशय में बोटिंग के अलावा फैंसी पतंग उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
Mainpat festival 2026: विभागीय स्टॉल में दिखेगी विकास की झलक
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, जेल विभाग, रेशम विभाग, समाज कल्याण विभाग, हस्तशिल्प विकास बोर्ड व स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल शामिल हैं।


