CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता में गृह एवं जेल विभाग की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के साथ ही नई सोच और आधुनिक कार्यप्रणाली को अपनाते हुए राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
गृह मंत्री ने बताया कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आईसीजेएस के अंतर्गत पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक, जेल और न्यायालय को एकीकृत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
CG News: उन्होंने बताया कि, दुर्ग और बिलासपुर जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पांचों स्तंभों का सफल एकीकरण कर मॉडल जिले के रूप में विकसित किया गया है। ई-साक्ष्य व्यवस्था लागू होने से अब पुलिस को साक्ष्य जुटाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिली है और जांच प्रक्रिया में तेजी आई है।
CG News: पुलिस आधुनिकीकरण के तहत सीसीटीएनएस के माध्यम से मेडलीपार, ई-साक्ष्य, ई-समन, ऑनलाइन एफआईआर, ई-साइन, ई-कोर्ट और ई-श्रुति जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए आठ बैंकों के साथ एमओयू कर बिना किसी प्रीमियम के सैलरी अकाउंट पर बीमा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब तक 15 शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों को 16 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।
CG News: ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली
गृह मंत्री ने बताया कि अपराध समीक्षा के लिए नई एप्लीकेशन विकसित की गई है, जिससे पूरे राज्य में दर्ज एफआईआर की निगरानी और विश्लेषण किया जा रहा है। शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस मुख्यालय में ऑनलाइन कंप्लेंट मैनेजमेंट पोर्टल बनाया गया है, जिससे डाक प्रक्रिया समाप्त होकर समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
CG News: अवैध प्रवासियों पर सख्त कार्रवाई
राज्य में अवैध प्रवासियों की पहचान कर विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टोल फ्री नंबर जारी कर सूचना संकलन के बाद 34 लोगों को विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत निष्कासित किया गया है। होल्डिंग सेंटर स्थापित कर जांच प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2025 में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने पहली बार कार्रवाई दर्ज की।
CG News: गौवंश संरक्षण और नशा विरोधी अभियान
प्रदेश में गौवंश वध, परिवहन एवं अवैध व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 142 वाहन राजसात और 27 वाहनों की नीलामी की गई है। 19 आदतन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत निगरानी खोली गई है। नशे के कारोबार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की जब्ती और संपत्ति कुर्की की गई है। गांजा, एमडीएमए, हेरोइन, ब्राउन शुगर और डोडा का नष्टीकरण किया गया है।
CG News: साइबर अपराध और ऑनलाइन गैम्बलिंग पर रोक
गृह मंत्री ने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड मामलों में खातों को सीज कर 165 फर्जी सिम संचालकों की गिरफ्तारी की गई है। 255 अवैध ऑनलाइन गैम्बलिंग लिंक और पोर्टल ब्लॉक किए गए हैं। रायगढ़, कोरबा, राजनांदगांव, कबीरधाम, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, जशपुर और धमतरी में साइबर थानों का संचालन प्रारंभ किया गया है।
CG News: नक्सलवाद उन्मूलन के लिए प्रतिबद्धता
गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बड़ी संख्या में माओवादी मुख्यधारा में लौटे हैं। पुनर्वासित युवाओं को प्रशिक्षण, 5जी मोबाइल, शैक्षणिक भ्रमण और सामूहिक विवाह जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। दो पंचायतों ने स्वयं को नक्सल मुक्त घोषित किया है।
CG News: जेल सुधार और पुनर्वास पहल
गृह मंत्री ने बताया कि राज्य की चार केंद्रीय जेल—रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर—को आईएसओ प्रमाणन प्राप्त हुआ है। केंद्रीय जेल अंबिकापुर में सरगुजा स्कूल ऑफ आर्ट्स की स्थापना कर बंदियों को कला एवं योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रायपुर केंद्रीय जेल में ‘उमंग-तरंग’ नामक रेडियो स्टेशन संचालित है। बंदियों के कौशल विकास हेतु मसाला, ऑयल एक्सट्रेक्शन, एलईडी बल्ब निर्माण और पेट्रोल पंप संचालन जैसे उद्योग स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर एसीएस गृह मनोज पिंगुआ, डीजी जेल हिमांशु गुप्ता, सचिव हिमशिखर गुप्ता, एडीजी अमित कुमार, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी विवेकानंद, एडीजी प्रदीप गुप्ता, आईजी ध्रुव गुप्ता उपस्थित रहे।


